आशीष शर्मा दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सनावद-नगर में यातायात की बिगड़ी व्यवस्था व रोजाना लगने वाले जाम की स्थिति छुपी नहीं है। मुख्य मागों, चौराहों के साथ हाईवे व गलियों में भी यहीं स्थिति बनती है। नगर की सीमा क्षेत्र में आने वाले भारी वाहनों के कारण लगने वाले बार-बार जाम से नगर पालिका को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते नपा अधिकारी व अध्यक्ष ने खरगोन मार्ग पर भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया। जिसके बाद इस मार्ग पर रहने वाले लोगों व दुकानदारों ने नपा की इस कार्रवाई पर शहरहित में बताया।त्रिकोण चौराहा से लेकर मोरटक्का चौराहा, खरगोन रोड से मंडी चौराहे तक भारी वाहनों के निकलने से कई बार जाम की स्थिति बनती है। कई बार आमने सामने से वाहन आने के बाद यहां जाम लग जाता है। जिससे वाहन चालकों के साथ ही नगरवासियों को निकालने में मशक्कत करना पड़ती है। इस संबंध में नगर पालिका द्वारा पूर्व की परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित कर इस मार्ग से भारी वाहनों की आवागमन पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन इस निर्णय पर ठोस कार्रवाई नहीं करते हुए लेटलतीफी की जा रही थी। जिसके बाद इस मार्ग पर बार-बार जाम लगने के कारण शहर की सीमा से गुजरने वाले भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाएं जाने की मांग की जा रही थी। जिसके चलते सीएमओ राजेंद्र मिश्रा व नपा अध्यक्ष सुनीता इंदर बिरला ने मार्ग पर बोर्ड लगाकर भारी वाहनों के आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया। सीएमओ मिश्रा ने बताया नगर के व्ययस्तम मार्ग पर जाम के कारण कई बार परेशानी की स्थिति निर्मित होती थी। जिससे वाहन चालकों सहित इस मार्ग पर शैक्षणिक संस्थाएं होने से विद्यार्थियों को भी परेशानी होती थी। जिसके बाद मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।इंदर बिरला ने खरगोन रोड, जवाहर मार्ग पर कई बार अतिक्रमण व वाहनों के कारण जाम लगता था। जिसमें मोरटक्का चौराहा पर अधिक परेशानी होती थी। इसे ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। अब इस मार्ग पर भारी वाहन नहीं निकालेंगे। साथ ही सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक इस मार्ग पर भारी वाहन नहीं निकालेंगे। इस बीच में यदि कोई भारी बाहर निकलता है तो चालानी कार्रवाई की जाएगी।