जिला ब्यूरो/मनोज सिंह
टीकमगढ़। शहर में दशहरा पर्व बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। शाम 5 बजे के बाद दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु शहर की सड़कों पर नाचते गाते हुए निकले। नगर भ्रमण के बाद महेंद्र सागर तालाब स्थित विसर्जन कुंड पर देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। माता रानी को विदा करते समय लोगों की आंखें भर आई।
मौसम में आए बदलाव के चलते शनिवार सुबह से लेकर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। बारिश की संभावना के चलते ज्यादातर लोगों ने इस बार जल्दी प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू कर दिया। शाम 5 बजे से बड़ी संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं शहर की सड़कों पर निकली।
इस दौरान श्रद्धालु माता रानी के भक्ति गीतों पर रंग गुलाल उड़ाते हुए निकले। चल समारोह मार्ग से भ्रमण करते हुए सभी देवी प्रतिमाएं महेंद्र सागर तालाब स्थित विसर्जन कुंड पर पहुंची। देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रशासन की ओर से कुंड के पास चार क्रेन रखी गई है। ताकि प्रतिमाओं के विसर्जन में देरी न हो।
विसर्जन कुंड पर पहुंचकर भक्तों ने देवी प्रतिमाओं की पूजा आराधना कर सुख समृद्धि की मनोकामना की। इसके बाद नम आंखों से माता रानी को विदा किया। बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा नगर पालिका के कर्मचारी प्रतिमाओं के विसर्जन में सहयोग करने में जुड़े हैं। एसडीएम संजय दुबे ने बताया कि देर रात तक प्रतिमाओं का विसर्जन चलता रहा।