आशीष शर्मा दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सनावद-शासकीय महाविद्यालय में गुरुवार को भारतीय संविधान गौरव दिवस मनाया गया। भाजपा नगर मंडल के तत्वावधान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता विधायक सचिन बिरला ने की। विधायक ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर ने संविधान निर्माता के रूप में भारत के प्रत्येक नागरिक को न्याय,स्वतंत्रता और समानता का अधिकार प्रदान किया है।बाबा साहेब ने दलितों, शोषितों के अधिकारों एवं अस्पृश्यता के उन्मूलन के लिए आजीवन संघर्ष किया।बाबा साहेब ने शिक्षा के प्रसार और महिलाओं के अधिकारों के लिए भी अभियान चलाया। बाबा साहेब के विचार और कृतित्व भारतवासियों को सदैव प्रेरणा प्रदान करते रहेंगे। भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब के प्रयासों से सामाजिक न्याय और समानता को बढ़ावा मिला। महाविद्यालय की जनभागीदारी के अध्यक्ष प्रभात उपाध्याय ने कहा कि बाबा साहेब ने दलितों के उत्थान के लिए शिक्षा के प्रचार प्रसार पर बल दिया। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मानसिंह राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देशानुसार 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव दिवस अभियान मनाया गया।महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा महक पुरोहित ने संविधान के महत्व पर ओजस्वी विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने महक पुरोहित को सम्मानित किया।समारोह के आरंभ में जनप्रतिनिधियों ने महानायक स्वतंत्रता सेनानी सुभाषचंद्र बोस एवं प.श्याम मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया एवं नगर के वरिष्ठ नागरिकों का शॉल,श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अनिता बंसल,पार्षद गंगाभारती शर्मा,अमिता मंत्री,विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मीनारायण पटेल,राजेश पाल, संजय राठौर,मनोज जैन,श्याम ठाकुर,मोहित यादव,शुभम शर्मा,दुर्गेश परिहार,ओम वर्मा,अमरदीप खनूजा,राहुल हिरोड़िया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।